कोटद्वार। नजीबाबाद-बुआखाल नेशनल हाईवे पर वाहनों के जमावड़े और अतिक्रमण के चलते जाम लगना आम बात हो गई है। ट्रैफिक को सुधारने के लिए पुलिस और प्रशासन के दावे हवा हवाई साबित हो रहे हैं। दिवाली की छुट्टियों के बाद सोमवार को स्कूल कालेज और दफ्तर खुले तो हाईवे पर ट्रैफिक रेंगने लगा। हालात बद से बदतर होने पर एक सीआरपीएफ के रिटायर डीजीआई को ट्रैफिक नियंत्रण के लिए सड़क पर उतरना पड़ा।
पखवाडे़भर पहले एसडीएम जीआर बिनवाल ने तमाम विभागीय अधिकारियों, व्यापारियों और शहर के लोगों के साथ बैठक की थी। बैठक में सुबह छह बजे के बाद ट्रैक्टर-ट्राली हाईवे पर न चलने, ठेली, रेहड़ी न लगने देने, अवैध पार्किंग पर सख्ती से अकुंश लगाने का भरोसा दिलाया गया था। पहले के बने ट्रैफिक प्लान को एक बार फिर से सख्ती से लागू करने की बात कही गई, लेकिन स्थितियां पहले से भी बदतर हो चली हैं। सोमवार को नजीबाबाद चौक पर चारों ओर से आई ट्रैक्टर-ट्रालियाें ने के चलते जाम लग गया। इधर से डीआईजी बलराम सिंह नेगी (रिटायर्ड) स्कूटर से गुजर रहे थे, उन्हें हालात ठीक नहीं लगे तो उन्होंने ट्रैफिक पुलिस की मदद करनी शुरू कर दी। कुछ देर तक वह ट्रैफिक को संभालने में जुटे रहे।
-------------
अन्य मार्ग पर बेपटरी हुई स्थिति
गोखले मार्ग पुरानी स्थिति में लौट गया है। खूनीबढ़ स्थित थोक मंडी से व्यापारी शहर में लौटने लगे हैं। गोखले मार्ग पर फिर से अतिक्रमणकारी पसर गया है, इससे नजीबाबाद चौक की सब्जी मंडी वीरान होने लगी है। नेशनल हाईवे पर जहां-तहां रेहड़ी, ठेली और छोटे-बडे़ वाहनों का कब्जा हो चला है। जिसे जहां मन आ रहा है वह वहां वाहन खड़ाकर लोडिंग-अनलोडिंग कर रहा है।
----------------------
पुलिस को पढ़ाएंगे ट्रैफिक का पाठ
कोटद्वार। रिटायर्ड डीआईजी बलराम सिंह नेगी शहर की बिगड़ती ट्रैफिक व्यवस्था के लिए सरकारी मशीनरी की ढिलाई से कहीं ज्यादा शहरवासियों की जागरूकता में कमी को मानते हैं। उन्होंने कहा कि लालबत्ती चौराहे पर ट्रैफिक नियंत्रण से बाहर हो गया है। इस संबंध में सीओ अरुणा भारती से बात की गई है। एक नवंबर को सुबह नौ बजे वह कोतवाली में पुलिस को ट्रैफिक में सुधार के गुर बताएंगे।