श्रीनगर। नगर क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर गैराज व फर्नीचर की दुकानों से सड़क संकरी हो गई है। कारपेंटर सड़क पर सामान फैलाकर फर्नीचर बना रहे हैं तो मोटर मैकेनिक वाहनों की मरम्मत कर रहे हैं। ऐसे में शहर की यातायात व्यवस्था चरमरा रही है। तहसील के अधिकारी कहते हैं कि ऐसे दुकान स्वामियों के खिलाफ समय-समय पर कार्रवाई होती है।
नगर क्षेत्र के पौड़ी रोड, मुख्य बाजार, बांसवाड़ा सहित कई स्थानों पर गैराज व फर्नीचर की दुकानें हैं। कारपेंटर फर्नीचार बनाने का काम सड़क पर कर रहे हैं। वहीं कई गैराज तो हाईवे पर ही संचालित हो रहे है। गैराज के सामने हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारे लगी रहती है। मैकेनिक भी सड़क पर ही मरम्मत करते हैं। ऐसे में दुर्घटना की आशंका के साथ जाम की स्थिति बनी रहती है। तहसील प्रशासन के अधिकारी ऐसे दुकान स्वामियों पर कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि सड़क पर सामान फैलाकर दुकान सजाने वालों के खिलाफ कई बार शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं होती। एसडीएम रजा अब्बास ने कहा कि हाईवे पर सामान बिखेर कर कार्य करने वालों के खिलाफ समय-समय पर कार्रवाई की जाती रही है। कई दुकान स्वामियों का आवागमन में बाधा डालने पर चालान किया गया है। आगे भी कार्रवाई की जाएगी।