श्रीनगर। इन दिनों शहरवासी बारूद के ढेर पर घूम रहे हैं। पूरे शहर में जहां तहां पटाखों की दुकानें सजाई गई है। अधिकांश दुकानों में जमकर मानकों की अनदेखी की जा रही है। हद तो इस बात की है कि कई दुकान स्वामियों के पास लाइसेंस नहीं होने के बावजूद वे भी धड़ल्ले से पटाखे बेच रहे हैं। तहसील प्रशासन का कहना है कि मानकों की अनदेखी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
शहर की हर गली में इन दिनों पटाखों की दुकानें सजी है। जबकि प्रशासन ने पटाखों के लिए गोला बाजार नियत किया है। नियमानुसार प्रशासन की ओर से तय स्थान पर ही पटाखे बेचे जा सकते हैं। लेकिन शहर के कई दुकान स्वामियों ने अपनी पक्की दुकानों के सामने पटाखों के स्टाल लगाए हुए हैं। अधिकांश स्टालों में रेत व पानी की बल्टी तक नहीं है। गोला मार्केेट में लगे पटाखों के स्टाल भी मानकों का उल्लघंन कर रहे हैं। दुकान स्वमियों की लापरवाही व प्रशासन की उदासीनता से कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। एसडीएम रजा अब्बास ने कहा कि मानकों का उल्लघंन करने वालों को कतई बख्शा जाएगा।