कोटद्वार। एक सप्ताह पूर्व हरिद्वार में हुए सड़क हादसे में गंभीर रुप से घायल लैंसडौन का युवक जिंदगी और मौत से जूझते हुए हार गया। घायल युवक ने शनिवार शाम कोटद्वार के राजकीय संयुक्त अस्पताल में दम तोड़ दिया।
गत 12 अक्तूबर को लैंसडौन के धारी गांव निवासी विमल सिंह रावत (28) बाइक से हरिद्वार जा रहा था। वह हरिद्वार में एक प्राइवेट कंपनी में कंपनी में नौकरी करता था। हरिद्वार से पहले चंडीदेवी मंदिर के पास उसकी बाइक तेज रफ्तार रोडवेज बस से टकरा गई। जिसमें वह बुरीतरह घायल हो गया। लोगों ने उसे हरिद्वार अस्पताल पहुंचाया। हालत ज्यादा खराब होने पर परिजन उसे देहरादून हायर सेंटर ले गए। देहरादून के चिकित्सकों ने उसके परिजनों को सलाह दी कि उसकी हालत बहुत खराब है। उसका उपचार करना भी मुमकिन नहीं। उसे घर के पास किसी अस्पताल में भर्ती करा दो। शुक्रवार को परिजनों ने युवक को कोटद्वार सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां शनिवार शाम उसने दम तोड़ दिया। अस्पताल प्रशासन ने इसकी सूचना पुलिस को दी। एसआई विनोद कुमार ने बताया कि युवक के परिजनों ने इस बारे में हरिद्वार थाने में मुकदमा दर्ज किया हुआ है। हरिद्वार पुलिस मामले की जांच कर रही है। युवक का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
जारी-विजय भट्ट/चंद्रमोहन शुक्ला