पौड़ी। माध्यमिक विद्यालयों की राष्ट्रीय फुटबाल प्रतियोगिता के लिए पौड़ी जिले के 11 खिलाड़ी चयनित हुए हैं। चयनित खिलाड़ी पुणे और अगरतला में होने वाली राष्ट्रीय फुटबाल प्रतियोगिता में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे।
शिक्षा विभाग के जिला समन्वयक क्रीड़ा श्रीधर कुमार नेगी ने बताया कि 23 से 26 सितंबर तक कोटद्वार में हुई राज्य स्तरीय फुटबाल प्रतियोगिता में प्रदर्शन के आधार पर इनका चयन किया गया है। इसके तहत बालिका अंडर 19 आयु वर्ग में जीजीआईसी पौड़ी की शिवानी रावत, सुजाता भंडारी, पूनम नेगी और अनामिका रावत, जीजीआईसी कोटद्वार की नेहा सेमवाल, जीआईसी कुंभीचौड़ी की हेमा पंत को चयनित किया गया। जीजीआईसी कोटद्वार की सुरुचि नेगी और जीआईसी कुंभीचौड़ की शीतल गौड़ को आरक्षित श्रेणी के लिए चयनित किया है। बालक अंडर 19 आयु वर्ग में डीएवी इंटर कालेज पौड़ी के लक्ष्मण रावत और वीएन इंटर कालेज पदमपुर के अमित नेगी तथा जीआईसी कुंभीचौड़ के दीपक बिष्ट को चयनित किया गया है। इस आयु वर्ग की दोनों प्रतियोगिताएं महाराष्ट्र के पुणे में होंगी। बालक अंडर 17 आयु वर्ग में जिले से तीन खिलाड़ी चयनित हुए हैं, जिनमें जीआईसी कठूली के मनीष नेगी, इंटर कालेज मोटाढाक के बॉबी और जितेंद्र यादव शामिल हैं। इस वर्ग की राष्ट्रीय प्रतियोगिता त्रिपुरा के अगरतला में होगी।