कोटद्वार। जन अधिकार संयुक्त संघर्ष समिति ने क्षेत्र में हुई हत्याओं के खुलासे की मांग को लेकर एसडीएम को ज्ञापन दिया है। ज्ञापन में क्षेत्र में बिगड़ती कानून व्यवस्था को सुधारने की मांग की गई।
समिति ने इस संबंध में एसडीएम को ज्ञापन दिया और रेगुलर व राजस्व पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने ज्ञापन में कहा कि रचना हत्याकांड को तीन माह से अधिक का समय बीत गया लेकिन हत्यारे अभी तक गिरफ्त से बाहर हैं। इसके बाद भी दो और हत्याएं हो चुकी हैं। एक नौ नवंबर को ग्रास्टनगंज में अज्ञात महिला की गला रेत कर हत्या और इसके अगले ही दिन नंदपुर में प्रदीप नाम की हत्या कर दी गई थी, लेकिन पुलिस अभी तक हत्यारों से दूर है। शहर में चेन स्नेचर खुले आम महिलाओं को निशाना बना रहे हैं। मगर कोतवाली में आज तक तीन ही घटनाएं दर्ज हो पाई हैं। चोर दिन दहाड़े किसी के भी घर में घुस कर चोरी की घटना को अंजाम दे रहे हैं। जिससे लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। ज्ञापन देने वालों में पंकज बवाड़ी, भगवती, सूरज प्रसाद कांति, अशोक पाल और सुनील कुमार आदि लोग मौजूद रहे।