कोटद्वार। दीपावली पर्व के तीन दिन अवकाश के बाद जब बैंक खुले तो बैंकों में सुबह से ही ग्राहकों की भीड़ लगने लगी। बैंकों में पैसा जमा करने, निकालने समेत कई कार्योँ के लिए उपभोक्ताओं की लंबी लाइनें लगी रहीं। वहीं बैंक कर्मियों को काम में माथापच्ची करनी पड़ी। स्टेट बैंक आफ इंडिया और पंजाब नेशनल बैंक में तो लोगों को खड़े होने के लिए जगह भी मिलनी मुश्किल हो गई। वहीं तहसील में भी काम कराने के लिए लोगों की भीड़ लगी रही।
तीन दिनों तक बैंकों के बंद रहने से जहां बैंकों के करोड़ा का कारोबार प्रभावित हुआ वहीं बैंकों में अपना काम कराने के लिए उपभोक्ताओं में मारामारी मच गई। उपभोक्ताओं को अपना काम कराने में आधे घंटे तक इंतजार करना पड़ा। वहीं एटीएम पर भी पैसा निकालने के लिए लोगों की लाइनें लगी रहीं। पंजाब नेशनल बैंक के चीफ मैनेजर सी एन नायक का कहना है कि अवकाश के कारण लेनदेन का बहुत काम रुका रहा। अब इन कामों को निपटाने की कार्रवाई शुरू हुई। व्यवस्थित होने में एक दो दिन तो लग ही जाएंगे। दूसरी ओर तहसील परिसर में भी काम के लिए लोगों ने बहुत जद्दोजहद की। तहसील से लोगों ने अपने प्रमाणपत्र और खसरा आदि की नकल ली।