श्रीनगर। गढ़वाल विवि छात्र संघ अध्यक्ष के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने राजकीय मेडिकल कालेज के प्राचार्य मुलाकात कर बेस अस्पताल में व्याप्त अव्यवस्थाओं के निराकरण की मांग की, जिस पर प्राचार्य ने समस्या के निराकरण का आश्वासन दिया।
बेस अस्पताल के इमरजेंसी में अव्यवस्थाएं होने तथा रेडियोलाजी विभाग में एक भी डाक्टर नहीं होने पर छात्र नेताओं ने नाराजगी जताई। छात्र संघ अध्यक्ष सुधीर जोशी, पूर्व महासचिव दर्शन दानू ने कहा कि चार जिलों की ग्रामीण तथा शहरी जनता बेस अस्पताल पर निर्भर है। ऐसे में एक वर्ष से रेडियोलॉजिस्ट नहीं होने से लोगों को भारी दिक्कत हो रही है।
वहीं प्राचार्य डा. वीएल जहागिरदार ने बताया कि इंटरव्यू आमंत्रित किए जाने पर भी रेडियोलॉजिस्ट नहीं मिल पा रहे हैं। चिकित्सा एवं परिवार कल्याण विभाग से रेडियोलॉजिस्ट व्यवस्था पर दिए जाए, तो रेडियोलॉजी विभाग में अल्ट्रासाउंड कराए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि इमरजेंसी और ओटी को दुरुस्त करने के लिए बेहतर प्रयास किए जा रहे हैं। प्रतिनिधि मंडल में दर्शन मेहरा, प्रमोद बलूनी, गौरव, आशीष, मनोज नेगी शामिल थे।