पौड़ी। प्रदेश के उच्च शिक्षा राज्य मंत्री डा. धन सिंह रावत ने कहा कि जिले के थलीसैण ब्लाक स्थित पैठाणी में दो वर्षों में व्यावसायिक कालेज का निर्माण पूरा कर लिया जाएगा। 26 करोड़ की लागत से यह कालेज तैयार होगा। कालेज भवन निर्माण के लिए थलीसैण ब्लाक के बनास, सिरोली और जाख गांव के ग्रामीणों ने 11 एकड़ भूमि दान दी है।
पैठाणी में आयोजित कार्यक्रम में उच्च शिक्षा मंत्री डा. रावत ने बताया कि कालेज में 500 छात्र-छात्राओं को स्वरोजगारपरक कोर्स में प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। 200 छात्र-छात्राओं को छात्रावास सुविधा भी प्रदान की जाएगी। कालेज का निर्माण कार्य एक माह के भीतर शुरू हो जाएगा और दो साल में कालेज भवन बनकर तैयार हो जाएगा। उन्होंने कहा कि श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के 50 गांवों में मॉडल पुस्तकालय खोले जाएंगे। ग्राम पंचायत की सहभागिता और विधायक निधि से यह पुस्तकालय तैयार किए जाएंगे। राज्य मंत्री ने चाकीसैण में 33/11 केवी के विद्युत सब स्टेशन का शिलान्यास भी किया। उन्होंने कहा कि चाकीसैण सब स्टेशन के बनने से ढाईज्यूली व कंडारस्यूं पट्टी के चार हजार परिवारों को सुविधा प्रदान होगी।
इस अवसर पर अपर सचिव उच्च शिक्षा विनोद प्रसाद रतूड़ी, रुषा के सलाहकार प्रो. केडी पुरोहित, डीएम धीराज सिंह गर्ब्याल, सीडीओ दीप्ति सिंह, डीपीआरओ एमएम खान, डीईओ माध्यमिक हरेराम यादव, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह रावत, मातबर सिंह रावत, अनूप बहुगुणा, राजेंद्र प्रसाद टम्टा आदि मौजूद थे।