पौड़ी। अधिकारी, कर्मचारी व शिक्षक अब पुरानी पेंशन बहाली की मांग के लिए 24 फरवरी को न्याय यात्रा निकालेंगे।
रविवार को जिला मुख्यालय पौड़ी स्थित कंडोलिया ठाकुर मंदिर परिसर में पुरानी पेंशन बहाली मंच की बैठक हुई। इस मौके पर मंच के गढ़वाल मंडल संयोजक जयदीप रावत, संरक्षक सोहन सिंह रावत व सह-संयोजक सीताराम पोखरियाल ने बताया कि अधिकारी, कर्मचारी व शिक्षक लंबे समय से पुरानी पेंशन बहाल किए जाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन सरकार का उदासीन व्यवहार सभी को आहत कर रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार के उपेक्षापूर्ण व्यवहार के बाद 24 फरवरी को गढ़वाल मंडल के सभी जिलों से अधिकारी, कर्मचारी व शिक्षक एकजुट होकर रामलीला मैदान से न्याय यात्रा निकालेंगे, जो शहर के विभिन्न मार्गों से होकर कंडोलिया ठाकुर की शरण में पहुंचेंगे। इस अवसर पर मंच के जसपाल सिंह रावत, भारत बिष्ट, दीपक नेगी, भवान नेगी, मनोज काला, लक्ष्मण रावत, मनोज ध्यानी, बृजभूषण यादव, मनोज जुगरान, कुलदीप रावत व दिवाकर धस्माना आदि मौजूद थे।