पौड़ी। रेलवे परियोजना की कार्य प्रगति में अधिकारियों की हीलाहवाली पर डीएम खफा नजर आए। उन्होंने कहा कि रेलवे परियोजना जनहित व प्रदेश के विकास की अहम कड़ी है। जिसे तय समय सीमा के भीतर पूरा किया जाना है। कहा कि भूमि अधिग्रहण, जन समस्याओं का समाधान, कार्य की गति में तीव्रता को लेकर अधिकारियों की हीलाहवाली बर्दास्त नहीं की जाएगी। परियोजना के कार्य में किसी स्तर पर अधिकारियों की लापरवाही सामने आने पर कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
जिला मुख्यालय पौड़ी में डीएम धीराज सिंह गर्ब्याल ने रेलवे परियोजना की समीक्षा बैठक ली। इस मौके पर उन्होंने कहा कि रेलवे परियोजना जनहित व राज्य को विकास की धारा से जोड़ने वाली एक मुख्य योजना है। जिसे तय समयसीमा के भीतर पूर्ण किया जाना है। परियोजना के कार्यों में किसी तरह की हीलाहवाली नहीं की जानी चाहिए।
उन्होंने ग्राम जनासू, चिलगढ़ तल्ला, चिलगढ़ मल्ला में भूमि अधिग्रहण में आ रही समस्याओं को गंभीरता से लिया। कहा कि अधिकारियों को भूमि अधिग्रहण किए जाने के कार्य को जनता व जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय कर तीव्रता से आगे बढ़ाना होगा। उन्होंने अधिकारियों को परियोजना के तहत सामने आ रही जनसमस्याओं को प्राथमिकता के तहत निस्तारित किए जाने के निर्देश दिए। एडीएम रामजी शरण शर्मा ने जनपद के वर्तमान भूमि सर्किल रेट एवं रेल लाईन परियोजना के नियमों से अवगत कराया गया। सामाजिक कार्यकर्ता सुनील लिंगवाल ने जनपद टिहरी, चमोली एवं रूद्रप्रयाग की भांति ग्रामीणों को भूमि प्रतिकर बढ़ाकर देने की मांग की। इस अवसर पर पर एसडीएम श्रीनगर मायादत्त जोशी, संजय सिंह, नरेन्द्र सिंह आदि मौजूद थे।