कीर्तिनगर। शहीद नागेंद्र सकलानी एवं मोलू भरदारी स्मृति विकास मेले की दूसरी सांस्कृतिक संध्या में प्रीतम भरतवाण और मंजू सुंदरियाल ने रंग जमाया। दर्शक देर रात तक इन लोक गायकों की रंगारंग प्रस्तुतियों झूमते रहे।
शनिवार रात सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ पूर्व प्रमुख जयप्रकाश शाह ने किया। प्रमुख ने नगर पंचायत के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि मेला शहीदों के त्याग और बलिदान की याद ही नहीं दिलाता बल्कि टिहरी जनक्रांति के इतिहास को भी ताजा करता है। इस मौके पर प्रीतम भरतवाण के लोक गीतों व जागरों की प्रस्तुति मोहन तेरी मुरली बाजी, नारेणी माता दुर्गा रे भवानी, बिंदूली व सरूली तेरू जिया लगी गे ने दर्शकों को खूब झुमाया। जबकि मंजू सुंदरियाल की प्रस्तुति भीमा कठैत बाग्लादेश लड़े लगी आदि लोक गीतों की शानदार प्रस्तुतियो ने दर्शकों को भाव विभोर कर दिया। दोपहर में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं की एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रंगारंग प्रस्तुतियां ने भी दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। सभासद विकास दुमागा, जगदंबा कुमाईं, अजय व दीपा देवी ने सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर एसडीएम अनुराधापाल, पुलिस क्षेत्राधिकारी जेपी जुयाल, पूर्व प्रमुख विजयंत निजवाला, नगर पंचायत अध्यक्षा कैलाशी देवी,पूर्व नगर पंचायत अध्यक्षा मनोरमा भट्ट, विजयराम गोदियाल, मुकेश ढौडियाल, चद्रभानु तिवारी, जय सिंह कठैत, जगतंबा प्रसाद रतूड़ी, संतोष मेहता आदि मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन मुकेश उनियाल व जयकृष्ण पैन्यूली ने किया।
विभिन्न प्रतियोगिताओं में कीर्तिनगर व रानीहाट ने मारी बाजी
कीर्तिनगर। शहीदी स्मृति एवं विकास मेले के दूसरे दिन विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गई। रस्साकसी (पुरुष वर्ग) में बजंरग जिम उफल्डा प्रथम व एसएसबी श्रीनगर द्वितीय रहे। महिला वर्ग में एसएसबी ने कोतवाली कीर्तिनगर को पराजित कर पहला स्थान हासिल किया। जबकि कीर्तन प्रतियोगिता में आस्था मंडली कीर्तिनगर प्रथम, नागराजा मंडली रानीहाट द्वितीय व बजरंग मंडली कीर्तिनगर तथा ज्वाल्पा मंडली देवली संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रही। मांगल गीत में नागराजा रानीहाट पहले, नौर चौरास दूसरे व सूर्या तीसरे स्थान रही। इसके अलावा बेबी फैंसी ड्रेस में सानवी बिष्ट को पहला, आराध्या व कनिका को दूसरा व तनय राणा को तीसरा स्थान मिला। वहीं शिशु प्रदर्शनी में नलनी बड़थ्वाल, पीहू खत्री व उर्वशी सकलानी क्रमश: पहले, दूसरे व तीसरे स्थान पर रही।