कीर्तिनगर। शहीद नागेंद्र सकलानी एवं मोलू भरदारी स्मृति विकास मेले की पहली सांस्कृतिक संध्या किसन महिपाल व रेशमा शाह के नाम रही। दर्शक देर रात तक इन लोक गायकों की प्रस्तुतियों पर झूमते रहे।
शुक्रवार रात सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ एसडीएम अनुराधा पाल ने किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि शहीदों की स्मृति में मेले का आयोजन एक सराहनीय पहल है। लोक गायक किसन महिपाल ने घुघुती, फ्यूलड़िया, गाजणा आदि गानों की प्रस्तुतियां दी। फ्यूलड़िया गीत पर युवा जमकर झूमे। वहीं रेशमा शाह के डांडे की कुरेड़ी मैतु को देश गाने ने सभी को भावुक कर दिया। रेशमा की दूसरी प्रस्तुति भैस्यां गुजरिया मामा ने युवाओं को जमकर झुमाया। लोक गायकों की एक से बढ़कर एक प्रस्तुति पर झूमते दर्शको को नियंत्रित करने मे पुलिस को खासी मशक्कत करनी पड़ी। नगर पंचायत अध्यक्ष कैलाशी देवी जाखी ने सभी लोक कलाकारों को स्मृति चिन्ह व शॉल भेंट कर सम्मानित किया। सभासद विकास दुमागा, जगदंबा कुमाईं, अजय व दीपा देवी ने सभी लोगों का धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का संचालन मुकेश उनियाल ने किया। कार्यक्रम में पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष विजयराम गोदियाल, चंद्रभानु तिवाड़ी, संतोष मेहता, दीपक, सरदार सिंह, सूरज आदि मौजूद थे।