पौड़ी। जीबी पंत इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के बीटेक तृतीय वर्ष के छात्र राहुल रावत का चयन क्रिएटिव अवार्ड के फाइनल राउंड के लिए हुआ है। जापान की राजधानी टोक्यो में यह स्पर्धा नौ मार्च को आयोजित की जाएगी। राहुल जीबी पंत का पहला छात्र है, जिसका बनाया विज्ञापन वीडियो सिलेक्ट हुआ है।
जीबी पंत इंजीनियरिंग कालेज के छात्र राहुल ने बताया कि टोक्यो में अंतरराष्ट्रीय स्पर्धा आयोजित की जा रही है। यहां एशिया के लगभग सभी देशों के प्रतिनिधि अपना एड वीडियो प्रस्तुत करेंगे। उन्हें भी टोक्यो आमंत्रित किया गया है और वह नौ मार्च को स्पर्धा में भाग लेने पहुंचेंगे। राहुल ने बताया कि गैटस्बी एक हेयर जेल बनाने वाली कंपनी है। उन्होंने इसके लिए एक 30 सेकेंड का एक वीडियो तैयार करके भेजा है। भारत से अकेले उनके वीडियो का चयन हुआ है। वीडियो तैयार करने में राहुल का साथ इंजीनियरिंग कालेज के छात्र अमित राणा, गौरव, प्रवीण सेमवाल, शुभम बिष्ट, गौरव भट्ट व प्रशांत उपाध्याय ने दिया।