प्री-स्क्रूटनी कमेटी की बैठक में होगी प्रस्ताव की समीक्षा और अध्ययन
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
श्रीनगर। शहर को जाम से निजात दिलाने के लिए प्रस्तावित 8.25 किमी लंबी ठंडी सड़क का निर्माण अभी शुरू नहीं हो पाया है। श्रीनगर-पौड़ी मार्ग पर आंचल डेयरी के समीप धोबीघाट से मेडिकल कॉलेज के निकट राष्ट्रीय राजमार्ग तक बनने वाली इस सड़क के लिए वन भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया चल रही है। लोक निर्माण विभाग ने फॉरेस्ट क्लीयरेंस का प्रस्ताव ऑनलाइन भेज दिया है। अब प्री-स्क्रूटनी कमेटी की बैठक में इसकी समीक्षा होनी है।
शहर में बढ़ते वाहनों के दबाव और यात्रा सीजन में लगने वाले जाम को देखते हुए स्थानीय विधायक एवं कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने वैकल्पिक मार्ग के रूप में ठंडी सड़क निर्माण की पहल की थी। सड़क बनने से डांग, डाकबंगला और श्रीकोट गंगानाली के ऊपरी क्षेत्र के लोगों को भी सुविधा मिलेगी। योजना के तहत करीब 836 पेड़ों का कटान होना है। वहीं अधिशासी अभियंता लोनिवि श्रीनगर किशोर कुमार ने बताया कि प्री-स्क्रूटनी कमेटी की समीक्षा के बाद नोडल अधिकारी की अनुमति से प्रस्ताव डीएफओ पौड़ी को भेजा जाएगा। वन स्वीकृति मिलने के बाद ही निर्माण की आगे की कार्रवाई होगी।