पौड़ी। उत्तराखंड ग्राम्य विकास एवं पलायन आयोग आगामी 30 अप्रैल से जनपद पिथौरागढ़ का सामाजिक और आर्थिक सर्वेक्षण शुरू करेगा। सर्वेक्षण में ब्लाक स्तर पर पलायन, वर्तमान स्थिति, कार्ययोजना पर चर्चा, ग्रामीण विकास को लेकर चल रही सरकारी योजनाएं और धरातलीय स्थिति को लेकर अध्ययन किया जाएगा। आयोग प्रदेश में जनपदवार सामाजिक और आर्थिक सर्वेक्षण कार्य कर रहा है। जनपद पौड़ी और अल्मोड़ा का सर्वेक्षण कार्य पूरा हो चुका है।
पिथौरागढ़ जिले में सर्वेक्षण शुरू करने से पूर्व ब्लाक स्तर पर फील्ड कर्मचारियों के साथ बैठकें होगी। पहले चरण में 30 अप्रैल को विकासखंड गंगोलीहाट और बेरीनाग में बैठकें होंगी। दूसरे चरण में एक मई को ब्लाक मुनाकोट, कनालीछीना और विण, तीसरे चरण में 2 मई को डीडीहाट व धारचूला और चौथे चरण में तीन मई को मुनस्यारी ब्लाक में बैठक आयोजित की जाएगी। बैठकों में आयोग ब्लाक स्तर के फील्ड कर्मचारियों के साथ पलायन, वर्तमान स्थिति, पलायन थामने को लेकर कार्ययोजना पर विस्तार से विचार-विमर्श करेगा। आयोग के उपाध्यक्ष डा. शरद सिंह नेगी ने बताया कि जनपद पिथौरागढ़ का सामाजिक व आर्थिक सर्वेक्षण कार्य 30 अप्रैल से शुरू होगा। जुलाई में सर्वे पूरा करने के बाद आयोग जनपद के विकास और पलायन रोकने को अपनी सिफारिशें सरकार को सौंपेगा।