पौड़ी। जिला निर्वाचन विभाग की ओर से जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें नए मतदाताओं को ईवीएम, वीवीपैट, मतदान प्रक्रिया की जानकारी दी गई। कार्यशाला में प्रयोग (डेमो) के तौर पर मतदान भी किया गया।
शनिवार को बीजीआर परिसर पौड़ी के कला संकाय में जागरूकता कार्यशाला का शुभारंभ परिसर निदेशक प्रो. केसी पुरोहित ने किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है। लोकतंत्र के पर्व में कुछ ही समय रह गया है। उन्होंने कहा कि युवाओं के इस देश में मतदान में भी उनकी भूमिका बढ़ाने की दिशा में ठोस पहल की जा रही है। कार्यशाला में मास्टर ट्रेनर मधुर गौरव व जोकिन कुमार ने बताया कि लोकसभा चुनाव की तैयारियों के तहत नए मतदाताओं को जागरूक बनाने के लिए कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें नए मतदाताओं को मतदान, ईवीएम, वीवीपैट, मतदान प्रक्रिया व नए बदलावों की जानकारी दी गई। इस अवसर पर कार्यक्रम निरीक्षक राजेंद्र नेगी, प्रो. राकेश काला, डा. सीबी कोटनाला, डा. अरुण रावत, डा. अनीता रुडोला, डा. कुसुम डोबरियाल, डा. राजेश्वरी चौधरी व डा. कामिनी पुरोहित आदि मौजूद थे।