देवप्रयाग। प्रधान संगठन ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेज विकासखंड के श्रीकोट माल्डा में एनसीसी अकादमी का निर्माण कार्य शुरू करवाए जाने की मांग की है। चेतावनी दी है कि शीघ्र निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया तो आंदोलन किया जाएगा।
विकास खंड मुख्यालय हिंडोलाखाल में संगठन के अध्यक्ष भगवान सिंह पंवार की अध्यक्षता में प्रधानों की बैठक आयोजित की गई। इस मौके पर प्रधानों ने ब्लाक प्रमुख जयपाल पंवार के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। कहा कि 5 दिसंबर 2016 को तत्कालीन मुख्यमंत्री ने श्रीकोट माल्डा में प्रदेश की पहली एनसीसी अकादमी का शिलान्यास किया था। इस मौके पर एनसीसी के वरिष्ठ अधिकारी व तत्कालीन शिक्षामंत्री मंत्री प्रसाद नैथानी, शिक्षा निदेशक डा. आरके कुंवर, जिलाधिकारी इंदूधर बौड़ाई व बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनता मौजूद थी। शिलान्यास के बाद ग्राम पंचायत श्रीकोट के ग्रामीणों ने अकादमी के निर्माण के लिए अपनी 200 नाली भूमि भी दान दी थी, लेकिन आज तक अकादमी का निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। प्रधानों ने कुछ दिन पूर्व अकादमी को पौड़ी में खोले जाने संबंधी समाचारपत्रों में प्रकाशित खबर पर भी आक्रोश जताया। कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री की ओर से श्रीकोट माल्डा में अकादमी का शिलान्यास किया गया है। अब उसे पौड़ी में खोलने की बात करना न्यास संगत नहीं है। संगठन ने अकादमी का निर्माण कार्य शुरू न किए जाने पर जन आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है। साथ ही न्यायालय की चरण में जाने को कहा है। बैठक में प्रधान राजनीशकांत तिवाड़ी, संतोषी बिष्ट, दरमियान सिंह जयाड़ा, साब सिंह बागड़ी, रविंद्रसिंह, भगवान सिंह आदि मौजूद थे।