देवप्रयाग। राजकीय महाविद्यालय देवप्रयाग के अर्थशास्त्र विभाग की संगोष्ठी में केंद्र सरकार के अंतरिम बजट पर चर्चा हुई। बजट को लोकसभा चुनाव और देश के मौजूदा हालात के साथ ही तीन राज्यों में हुए विधान चुनावों पर आधारित बताया गया। कहा कि ऐसे समय पर बजट पेश करना सरकार के लिए अपने आप में एक बड़ी चुनौती होती है। संगोष्ठी में बजट को राजकोषीय संतुलन के साथ ही लोक लुभावना बताया गया।
अर्थशास्त्र विभागाध्यक्ष डा. अशोक कुमार मेंदोला ने कहा कि सरकार का नया बजट आमजन, किसान व मजदूर सहित मध्यम वर्ग के लिए बहुत अच्छा है। सरकार ने बजट में हर एक वर्ग को कुछ ना कुछ राहत देने का प्रयास किया है। इसे संतुलित बजट ही कहा जाएगा क्योंकि अपेक्षाओं के दबाव को सरकार ने खजाने की सेहत को ज्यादा बिगाड़े बिना ही पूरा करने की कोशिश की है। पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष अरविंद जियाल ने बजट को शिक्षा के क्षेत्र की उपेक्षा वाला बताया है। साक्षी पंचपुरी ने आजादी के बाद का सबसे बड़ा रक्षा बजट बताया है। इस मौके पर मेघा कर्नाटक, आंचल डंगवाल, ममता रावत, मनीष रावत, अरविंद कुमार आदि मौजूद थे।