श्रीनगर। सिंचाई विभाग की गूल क्षतिग्रस्त होने से चौरास क्षेत्र की करीब 200 नाली कृषि भूमि बंजर होने के कगार पर है। गूल की मरम्मतीकरण के लिए ग्रामीण स्थानीय विधायक से गुहार लगा चुके हैं। लेकिन अभी तक मरम्मतीकरण नहीं हो पाया है। अब ग्रामीणों ने एक बार फिर एसडीएम को ज्ञापन सौंप गूल की मरम्तीकरण की मांग की है।
कांग्रेस पार्टी के प्रदेश कमेटी सदस्य डा. प्रताप भंडारी ने बताया कि मढ़ी, सांकरों, बड़कोट, मंगसू, नैथाणा, थापली सहित कई गावों की सिंचित भूमि के लिए सिंचाई विभाग ने नैनीसैंण से मढ़ी सांकरों तक करीब 5 किमी लंबी गूल बनाई गई थी। डा. भंडारी ने बताया कि उक्त गूल करीब 50वर्ष पुरानी है। जिसका एक भी बार मरम्मतीकरण नहीं हो पाया है। बड़कोट के समीप गूल का करीब 500 मीटर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है। विभागीय अधिकारियों से कई बार क्षतिग्रस्त गूल की मरम्मत किए जाने की मांग की जा चुकी है। प्रताप भंडारी ने कहा कि उक्त गूल की मरम्मतीकरण के लिए स्थानीय विधायक से गुहार लगाई गई। लेकिन कोई कार्रवाई नही हुई है। अब ग्रामीणों ने एक बार फिर एसडीएम अनुराधा पाल को ज्ञापन में सौंपा है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द मरम्मतीकरण नहीं किया गया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।