श्रीनगर। शहर में ऑल वेदर रोड परियोजना के तहत बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग का चौड़ीकरण/सुधारीकरण काम शुरू हो गया है। प्रथम चरण में सड़क के दोनों ओर नाली निर्माण काम किया जा रहा है। कार्यदायी संस्था लोनिवि राष्ट्रीय राजमार्ग खंड को सड़क को चार धाम यात्रा शुरू होने से पूर्व निपटाना है। हालांकि बाजार क्षेत्र में पाइप लाइन व टेलीफोन लाइन और अन्य कारणों की वजह से काम समय पर निपटाना लोनिवि के लिए चुनौती है।
पिछले डेढ़ साल से शहर में बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग का चौड़ीकरण और सुधारीकरण कार्य लंबित है। सितंबर 2018 में राजमार्ग के चौड़ीकरण की तैयारी हो गई थी, लेकिन फिर स्थगित कर दिया गया। लंबी इंतजारी के बाद अब आखिरकार शहर में काम शुरू हो गया है। खास बात यह है कि आबादी वाले क्षेत्रों में सड़क सिर्फ 10 मीटर चौड़ी होनी है, जिसमें 7 मीटर ब्लैक टॉप (डामरीकरण) होगा। ऐसे में लोनिवि को ज्यादा मेहनत नहीं करनी पड़ेगी। क्योंकि शहर में ज्यादातर जगह पर सड़क इससे ज्यादा चौड़ी है। लोनिवि का समय सड़क के दोनों ओर नाला निर्माण और डामरीकरण पर ही लगेगा। लोनिवि राष्ट्रीय राजमार्ग खंड के अधिशासी अभियंता मनोज बिष्ट ने बताया कि विवि गेट के समीप नाली खुदाई का काम शुरू कर दिया गया है। ठेकेदार को चार धाम यात्रा शुरू होने से पूर्व काम समाप्त करने को कहा गया है। ताकि यात्रा के दौरान यातायात में व्यवधान न हो।