पौड़ी। प्रदेश के 13 डेस्टिनेशनों में शामिल खैरासैंण में जल्द ही वर्ड वाचिंग व ट्रैकिंग रूट विकसित होगा। उन्होंने कहा कि जनपद में पलायन को थामने की दिशा में औद्यानिकी व वानिकी पर विशेष रूप से फोकस किया जा रहा है।
विकास भवन में आयोजित पत्रकारवार्ता में डीएम धीराज सिंह गर्ब्याल ने कहा कि जनपद में पायलट प्रोजेक्ट के तहत 15 विकास खंडों में उनकी पारिस्थितिकी के अनुरूप औद्यानिकी व वानिकी पर ठोस काम किया जाएगा। जनपद के उच्च शिखरीय क्षेत्रों में जल्द ही सेब की विभिन्न प्रजातियों के 15 हजार पौधे रोपे जाएंगे। उन्होंने कहा कि छोटे व मंझोले किसानों को बिचौलियों से मुक्ति दिलाई जाएगी। किसानों के उत्पादन को बेहतर विपणन से जोड़ा जाएगा। डीएम गर्ब्याल ने कहा कि जनपद पौड़ी के डेस्टिनेशन खैरासैंण में जल्द ही वर्ड वाचिंग व ट्रैक रूट विकसित किया जाएगा। खैरासैंण को पहाड़ की अद्भुत शैली के मॉडल के रूप में साकार किए जाने पर ठोस कार्य किया जाएगा। कहा कि कॉर्बेट पार्क में शामिल क्षेत्र को खोलने की पहल पर भी कार्य किया जा रहा है।