पौड़ी। श्रीनगर विधान सभा क्षेत्र के हर गांव में पुस्तकालय होगा और प्रत्येक गांव में 2019 तक सड़क पहुंचेगी। यह कहना है उच्च शिक्षा राज्य मंत्री डा.धन सिंह रावत का। अमर उजाला से खास बातचीत में उच्च शिक्षा राज्य मंत्री ने कहा कि वह अपने विधानसभा क्षेत्र में दरी मुक्त अभियान भी चलाए हुए हैं। एक साल के भीतर 15 हजार बच्चों को फर्नीचर उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।
उच्च शिक्षा राज्य मंत्री डा.धन सिंह रावत ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में कक्षा एक से पीजी तक के बच्चों के लिए फर्नीचर उपलब्ध कराया जा रहा है। अब तक छह हजार बच्चों को फर्नीचर उपलब्ध करा दिया गया है। अब कुल 15 हजार बच्चों को इसे उपलब्ध कराना है। मंत्री ने बताया कि इसके अलावा हर गांव में पुस्तकालय खोले जाने की योजना है। पंचायत घरों में खुलने वाले इन पुस्तकालयों का संचालन महिला मंगल दलों द्वारा किया जाएगा। विधान सभा क्षेत्र की लगभग 250 विधान सभाएं इससे लाभान्वित होंगी। साथ ही वह एक और अनूठी पहल करने जा रहे हैं। विधान सभा क्षेत्र का जो गांव नशामुक्त होगा उसे विधायक निधि से एक लाख रुपये इनाम दिया जाएगा। मंत्री ने कहा कि विधान सभा क्षेत्र को पूर्ण साक्षर बनाए जाने के लिए भी सीडीओ की अध्यक्षता में कमेटी गठित की गई है। इसके तहत प्रत्येक छात्र एक व्यक्ति को साक्षर करेगा। इस दौरान उन्होंने बताया कि देर शाम सर्किट हाउस में स्वास्थ्य, शिक्षा, मनरेगा, स्वजल, खाद्य एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक ली गई, जिसमें अधिकारियों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बैठक में जिलाधिकारी सुशील कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी हरेराम यादव, डीईओ बेसिक केएस रावत आदि मौजूद रहे।