पौड़ी। जम्मू कश्मीर में सेना के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के विरोध में विहिप कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। उन्होंने प्राथमिकी रद्द कराने की मांग को लेकर डीएम के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा।
विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को कलक्ट्रेट में भारतीय सेना जिंदाबाद के नारे लगाए। साथ ही सेना के खिलाफ जम्मू कश्मीर में दर्ज हुई प्राथमिकी को तत्काल रद्द कराने की मांग की। उन्होंने इसको लेकर डीएम के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भी भेजा। विहिप के जिलाध्यक्ष महेंद्र सिंह असवाल ने कहा कि 27 जनवरी को जम्मू कश्मीर में गढ़वाल राइफल के खिलाफ थाने में प्राथमिकी दर्ज करवाई गई है, जिसकी विहिप घोर निंदा करती है। उन्होंने कहा कि सीमा पर रात-दिन तैनात भारतीय सैनिकों के साथ इस प्रकार की कार्रवाई मनोबल तोड़ने वाला काम है। ज्ञापन देने वालों में परमानंद चतुर्वेदी, विनोद सिंह, मातंग मलासी, दीपक रावत व गौरव रावत आदि शामिल रहे।