पौड़ी। बुजुर्गों की सेवा के संकल्प के साथ पुलिस ने शुक्रवार को शहर और आसपास के इलाकों में डोर-टू-डोर संपर्क साधा। इस दौरान बुजुर्ग, असहाय और घरों में अकेले रह रहे लोगों की कुशलक्षेम पूछने के साथ ही पुलिस ने उनसे सुरक्षा का वादा किया।
एसएसपी जेआर जोशी के निर्देश पर थाने की पुलिस शुक्रवार को अभियान के तहत वरिष्ठ नागरिक, असहाय और घरों में अकेले रह रहे बुजुर्गों के पास पहुंची। खांड्यूसैंण, बुुआखाल, प्रेम नगर और कंडोलिया में पुलिस ने 1200 से अधिक लोगों से मुलाकात की। इस दौरान किसी बुजुर्ग ने कोई बड़ी समस्या तो नहीं बताई, लेकिन पुलिस ने उन्हें विश्वास दिलाया कि वह उनकी हरसंभव मदद करेगी। एसएसपी, कोतवाली और पुलिस चौकियों के नंबर भी उन्हें दिए गए ताकि जरूरत पड़ने पर वे संपर्क कर सकें। एसएसपी जेआर जोशी ने बताया कि वरिष्ठ नागरिकों को सूचीबद्ध किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अभियान हर माह चलाया जाएगा।