श्रीनगर। एचएनबी केंद्रीय गढ़वाल विवि के समाज शास्त्र एवं समाज कार्य विभाग में पर्वतीय विकास शोध केंद्र की ओर से युवाओं में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति विषय पर गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस मौके पर वक्ताओं ने श्रीनगर में नशा मुक्ति केंद्र खोलने की मांग की। ताकि लोगों को नशा छुड़वाने के लिए हरिद्वार और देहरादून न जाना पड़े।
सोमवार को विवि के बिड़ला परिसर में हुई गोष्ठी के मुख्य वक्ता समाजशास्त्री प्रो. जेपी पचौरी ने कहा कि युवाओं में जोखिम लेने की प्रवृत्ति होती है। नशे की पूर्ति के लिए वह बड़े से बड़े अपराध को अंजाम दे देता है। मुख्य अतिथि कुमाऊं विवि में समाज शास्त्र विभागाध्यक्ष प्रो. डीएस बिष्ट ने कहा कि आज के व्यस्ततम दौर में अभिभावक अपने बच्चों को समय नहीं दे पा रहे हैं। इस मौके पर केंद्र के नोडल अधिकारी डा. अरविंद दरमोड़ा, समाज शास्त्र विभागाध्यक्ष प्रो. किरन डंगवाल, प्रेम बल्लभ नैथानी, डा. नवीन प्रकाश नौटियाल, डा. मनवीर नेगी, डा. नरेश मिश्रा, विजेंद्र मनेशा, अनिरुद्ध दरमोड़ा, कामिनी असवाल, योगेश पांडेय व प्रीती ने विचार रखे।