पौड़ी। नगर क्षेत्र पौड़ी के जर्जर हाल स्कूल भवन के पुनर्निर्माण के लिए मिली धनराशि को बीरोंखाल के एक अन्य स्कूल को दिए जाने का मामला मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के दरबार में पहुंचेगा। विधायक मुकेश कोली ने शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि वे मुख्यमंत्री से इस संबंध में बात करेंगे। विधायक ने कहा कि मामले की पड़ताल कराकर इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
पौड़ी विधानसभा क्षेत्र के नगर और ग्रामीण क्षेत्र में इक्का दुक्का नहीं बल्कि कई प्राथमिक विद्यालय जर्जर स्थिति में हैं, जहां बच्चे जान जोखिम में डालकर पढ़ाई करने को मजबूर हैं। हल्की बारिश होते ही इन स्कूलों की छत टपकने लगती हैं। नगर क्षेत्र में 1953 में बने प्राथमिक विद्यालय नंबर पांच का भी यही हाल है। 50 बच्चों वाले इस प्राथमिक विद्यालय का 12 लाख 66 हजार 710 रुपये की धनराशि से पुनर्निर्माण होना था, लेकिन विभागीय अधिकारियों ने जर्जर हाल स्कूल के निर्माण के लिए सर्व शिक्षा अभियान के तहत मिली इस धनराशि को प्राथमिक विद्यालय बीरोंखाल को हस्तांतरित करवा दिया। क्षेत्रीय विधायक मुकेश कोली ने विभागीय अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर हैरानी जताते हुए कहा कि नगर और विकासखंड क्षेत्र में इक्का दुक्का नहीं बल्कि कई स्कूल जर्जर हाल हैं। जिस स्कूल के लिए धनराशि मिली थी, उसके पुनर्निर्माण के लिए यदि विभाग को कुछ तकनीकी दिक्कत नजर आ रही थी तो इस धनराशि को आस पास के किसी दूसरे जर्जर हाल स्कूल को हस्तांतरित कराया जा सकता था, लेकिन ऐसा नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि मामले में अनियमितता हुई है।