पौड़ी। कादेेेखाल-रामकुंड पंपिंग पेयजल योजना के निर्माण की मांग के लिए सबदरखाल, बकरोड़ा, चमेली, पाली समेत कई गांवों के ग्रामीणों का धरना छठवें दिन भी जारी रहा। ग्रामीणों ने कहा कि पेयजल योजना की घोषणा के बाद सर्वे तो हुआ पर योजना आज तक नहीं बन पाई है। ग्रामीणों ने सरकार की बुद्धि-शुद्धि के लिए धरने के 11वें दिन भगवती मंदिर के सामने हवन यज्ञ करने का निर्णय लिया।
रामलीला मैदान सबदरखाल में धरने पर बैठे कादेखाल-रामकुण्ड प्रयास विकास समिति के सचिव भरत सिंह कोटियाल ने कहा कि पेयजल योजना बनी तो इससे 63 गांवों के ग्रामीण लाभान्वित होंगे। उन्होंने सरकार से क्षेत्र में पेयजल की समस्या को देखते हुए योजना पर शीघ्र निर्माण कार्य शुरू करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी यदि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो ग्रामीण उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। धरना देने वालों में शिशुपाल सिंह, लक्ष्मण सिंह बुटोला, सरोप सिंह नेगी, सुंदर सिंह, गेंदा सिंह, चक्रधर सिंह, कुलवीर सिंह और गेरू सिंह आदि शामिल थे।