पौड़ी। भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) जिला इकाई ने केंद्र व राज्य सरकार की नीतियों को मजदूर विरोधी करार देते हुए जिला मुख्यालय में जुलूस निकाला। जुलूस के बाद बैठक में मांग की गई कि श्रमिकों को न्यूनतम वेतन देने के साथ ही उनका शोषण बंद किया जाए।
भाकपा जिला सम्मेलन से पहले पौड़ी के मुख्य बाजारों में जुलूस निकाला गया। जुलूस के दौरान प्रदेश व केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई। जुलूस रामलीला मैदान से अपर बाजार, जेल गदेरा, धारा रोड व बस स्टेशन तक निकला। उसके बाद रामलीला मैदान में जिला सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश में श्रमिकों को न्यूनतम मजदूरी नहीं मिल रही है। इसके अलावा मजदूर का देश व प्रदेश में शोषण हो रहा है।
कामरेड ओंकार बहुुगुणा की अध्यक्षता में हुए जिला सम्मेलन में ऋषि कुमार, वीरेंद्र नेगी, टीका पोखरियाल, महावीर रावत, अनिता कंडारी व एश्वर्या जुयाल आदि मौजूद रहे।