श्रीनगर डिपो में इस तरह खड़ी हैं परिहवन निगम की बसें।
- फोटो : PAURI
उत्तराखंड परिवहन निगम के श्रीनगर डिपो की छह बसों का संचालन कई दिनों से ठप पड़ा हुआ है, जबकि निगम का पौड़ी कार्यालय विगत एक माह से बंद पड़ा हुआ है। जिसको लेकर पौड़ी बचाओ संघर्ष समिति के संयोजक ने कड़ा आक्रोश जताया है। उन्होंने जिलाधिकारी से बसों का संचालन सुचारु बनाए जाने की मांग की है। कहा कि श्रीनगर डिपो से बसों का संचालन ठप होना और पौड़ी के निगम कार्यालय का बंद होना पहाड़ के प्रति साजिश है।
मुख्यालय पौड़ी में पौड़ी बचाओ संघर्ष समिति के संयोजक नमन चंदोला ने जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि परिवहन निगम के श्रीनगर डिपो में 10 बसों का संचालन होता है। जिनमें से कांवड़ यात्रा शुरू होने के बाद से 6 बसों का संचालन ठप पड़ा हुआ है। उन्होंने बताया कि निगम पहले ही डिपो की एक बस को पर्वतीय डिपो देहरादून शिफ्ट कर चुका है। श्रीनगर से मात्र तीन बसों का ही संचालन हो रहा है। चंदोला ने कहा कि विगत एक माह पूर्व पौड़ी के निगम कार्यालय में सेवारत एकमात्र वरिष्ठ लिपिक को एजीएम कार्यालय श्रीनगर तबादला कर बंद कर दिया गया है। जिससे यात्रियों को वाहन संचालन, समय सारणी व सीट बुकिंग को लेकर परेशानियां झेलनी पड़ रही है। जिलाधिकारी गर्ब्याल ने कहा कि परिवहन निगम को मामले में पत्र भेज जल्द कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। वहीं परिवहन निगम के महाप्रबंधक संचालन दीपक जैन ने कहा कि श्रीनगर डिपो में समस्त बसों का संचालन हो रहा है। पौड़ी कार्यालय के संचालन को लेकर कार्रवाई की जा रही है।