पौड़ी। जिले में निकाय चुनाव निष्पक्ष व शांतिपूर्ण मतगणना के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था चौकस रहेगी। इस दौरान जिले के सात निकाय क्षेत्रों में मतगणना को लेकर दो स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी 573 पुलिस अधिकारी व जवानों को सौंपी गई है। इनमें एसएचओ, एसओ, एसआई, एएसआई, पुलिस, पीआरडी व होमगार्ड जवान शामिल हैं। साथ ही दो प्लाटून पीएसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए मुस्तैद रहेगी। एसएसपी पौड़ी लोकेश्वर सिंह ने अधिकारी-जवानों की तैनात कर उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दे दिए हैं।
जनपद पौड़ी में नगर निगम कोटद्वार, श्रीनगर, नगर पालिका पौड़ी, दुगड्डा, नगर पंचायत थलीसैंण, सतपुली व स्वर्गाश्रम-जौंक शामिल हैं। इनमें निकाय चुनाव में शनिवार को मतगणना होगी। एसएसपी पौड़ी लोकेश्वर सिंह ने बताया कि मतगणना के लिए जिले के सात निकायों में 573 पुलिस अधिकारी-जवानों की तैनाती की गई है। इनमें एसएचओ 5, एसओ 10, एसआई 31, महिला एसआई 10, एएसआई 31, महिला एएसआई 1, हेड कांस्टेबल 109, महिला हेड कांस्टेबल 1, कांस्टेबल 137, महिला कांस्टेबल 22, होमगार्ड 197, फायर 19 जवान शामिल हैं। एसएसपी सिंह ने बताया कि दो प्लाटून पीएसी भी इस दौरान मुस्तैद रहेगी।