श्रीनगर। पूर्व सैनिक के बैग से 30 हजार रुपये चुराने वाले दो चोरों को पुलिस ने रपट लिखे जाने के 12 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया है। दोनों जिला मुख्यालय पौड़ी के समीप गांव के रहने वाले हैं। आरोपियों से पुलिस ने 15 हजार रुपये बरामद कर लिए हैं। शेष रकम को आरोपियों ने खर्च कर लिया।
विगत 13 मार्च को श्रीनगर बाजार में सुरालगांव (नवाखाल) निवासी पूर्व सैनिक मेहरबान सिंह पंवार के बैग से अज्ञात चोरों ने पेंशन के 30 हजार रुपये चोरी कर लिए थे। प्रभारी कोतवाल विनय कुमार ने बताया कि शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश की, तो वह बुधवार को ही बस अड्डे की पिछली गली में मिल गए। पूछताछ में उन्होंने बुजुर्ग पूर्व सैनिक के बैग से रुपये चोरी करना स्वीकार कर लिया। जिस पर पुलिस ने दोनों आरोपियों मकान सिंह ग्राम उज्याड़ी थाना पौड़ी और सुरेश ग्राम धारकोट पट्टी कफोलस्यूं को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों से 15 हजार रुपये बरामद हुए हैं। चोरी करने वालों दोनों आरोपियों की उम्र 52 व 58 साल है।