पौड़ी। जिला मुख्यालय पौड़ी में भाजपा महिला मोर्चा की बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें आगामी लोक सभा चुनाव की तैयारियों को लेकर विचार-विमर्श किया गया। बैठक में महिला कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रख पुलवामा के शहीदों को श्रद्धांजलि भी अर्पित की।
बुधवार को जिला मुख्यालय पौड़ी में भाजपा महिला मोर्चा की बैठक का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक पौड़ी मुकेश कोली ने किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि मातृशक्ति लोकसभा चुनाव में जीत का आधार होंगी। मातृशक्ति के अधिकारों की सुरक्षा व हितों को ध्यान में रखकर केंद्र सरकार ने अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं भी समर्पित की हैं। उन्होंने विधान सभा पौड़ी में किए जा रहे विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी भी दी। महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष मधु खुगशाल ने कहा कि कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियां जन-जन तक पहुंचानी होगी। उन्होंने विधायक की ओर से महिला कार्यकर्ताओं के सम्मान को सराहनीय पहल करार दिया। वहीं विधायक कोली ने भगवती चरण निर्मोही राजकीय इंटर कालेज सबदरखाल में 100 कुर्सी-मेज भी वितरित किए । कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री हेमलता भट्ट ने किया। इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष सुषमा रावत, नगर अध्यक्ष हेमंती गुसांई, पूर्व जिलाध्यक्ष सुमनलता ध्यानी, ऊषा पांडे, सुषमा भंडारी, अनीता, मंजू, रेखा बीना, उमा, लीला, किरन, नीलम जुयाल, माधुरी आदि मौजूद थे।