पौड़ी। यात्रा सीजन में कई दिनों से बंद उत्तराखंड परिवहन निगम का बस स्टैंड स्थित कार्यालय खुलने से यात्रियों के साथ ही निगम के चालकों एवं परिचालकों ने राहत की सांस ली है। रविवार को बड़ी संख्या में दिल्ली जाने वाले यात्रियों ने निगम कार्यालय से टिकट लिए।
जिले में विभिन्न रूटों से निजी बस संचालकों द्वारा बसें हटाकर यात्रा में लगाए जाने से यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ रही है। गढ़वाल मोटर्स ऑनर्स यूनियन की पौड़ी से पातल, चौबट्टा, श्रीनगर, देहलचौरी, त्रिपालीसैंण, टंगरोली, कालेश्वर व खेड़ाखाल आदि रूटों की बस सेवाएं बंद हैं। ऐसे में अधिकतर यात्री रोडवेज एवं छोटे वाहनों पर निर्भर हैं, लेकिन पिछले कुछ दिनों से मंडल मुख्यालय में उत्तराखंड परिवहन निगम का बस स्टैंड स्थित कार्यालय बंद होने से यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही थी। किस रूट की बस कितने बजे आएगी और कब जाएगी, यात्रियों को इसकी जानकारी नहीं मिल पा रही थी। इससे खासकर कोटद्वार, दिल्ली, देहरादून, हरिद्वार व ऋषिकेश आदि स्थानों से मंडल मुख्यालय आने वाले यात्री परेशान हो रहे थे। अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद अब बस स्टैंड स्थित निगम का बंद कार्यालय खुल गया है। इससे निगम के चालकों एवं परिचालकों ने भी कुछ देर कार्यालय में बैठकर तेज गर्मी से राहत की सांस ली।
अधिकतर यात्रियों को होना पड़ा निराश
पौड़ी से दिल्ली के लिए रविवार को बड़ी संख्या में यात्री बस स्टैंड कार्यालय पहुंचे, लेकिन उत्तराखंड परिवहन निगम की यहां से मात्र दो बस सेवाएं होने से अधिकतर यात्रियों को बगैर टिकट निराश लौटना पड़ा।