पौड़ी। जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को वर्षाकालीन पौधरोपण की तैयारियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि रोजगारपरक पौधों के साथ ही चारा पत्ती व फलदार पौधों का अधिक रोपण किया जाना जरूरी है।
विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी सुशील कुमार की अध्यक्षता में पौध रोपण कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई। इसमें वन, उद्यान, जलागम, ग्राम्य विकास, कृषि, सिंचाई व खंड विकास अधिकारी मौजूद थे। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को समन्वय बनाकर स्वरोजगार परख पौधरोपण को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। डीएफओ लक्ष्मण सिंह ने बताया कि एक जुलाई से पौधरोपण का कार्य शुरू किया जाएगा, जिसमें विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विभाग अपने लक्ष्य के सापेक्ष पौधरोपण करना सुनिश्चित करें। उद्यान अधिकारी डा. नरेंद्र कुमार ने बताया कि 126 हेक्टेयर में आम, अनार, नींबू, लीची समेत विभिन्न फलदार व चारा प्रजाति के पौधों का रोपण किया जाएगा। इस मौके पर परियोजना निदेशक डीआरडीए एसएस शर्मा, मुख्य कृषि अधिकारी देवेंद्र राणा व डीपीआरओ एमएम खान आदि मौजूद थे।