पौड़ी। डीएम ने लंबे समय से पालिका की दुकानों का किराया न देने वाले दुकान स्वामियों के अनुबंध निरस्त करने के लिए अधिशासी अधिकारियों को निर्देश जारी किए। साथ ही कोटद्वार, पौड़ी व श्रीनगर में गौसदन के लिए भूमि चयन के लिए प्रस्ताव तैयार करने को भी कहा है।
जिलाधिकारी सुशील कुमार ने बैठक में कूड़ा निस्तारण तथा हर घर से कूड़ा एकत्रित करने की प्रक्रिया में सुधार लाने के अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने नगर पालिकाओं को कूड़ा निस्तारण के लिए ट्रंचिंग ग्राउंड के लिए चयनित स्थलों के लंबित मामलों को शीघ्र निस्तारण की कार्यवाही करने को कहा गया। इस मौके पर जिलाधिकारी ने स्वजल तथा जिला पंचायत को नीलकंठ में कूड़ा वाहन चालक, सफाई कर्मी, कूडे़दान व रिक्शा की व्यवस्था आदि के साथ ही स्वर्गाश्रम तथा जोंक में अतिरिक्त कूड़ेदान लगाने को कहा। इस मौके पर उप जिलाधिकारी सदर केएस नेगी, राकेश तिवारी, एमडी जोशी, कमलेश मेहता, अधिशासी अधिकारी पौड़ी विनोद लाल शाह सहित कोटद्वार, श्रीनगर, जोंक व दुगड्डा आदि के अधिकारी भी मौजूद थे।