पौड़ी। वाहनों में स्पीड गवर्नर लगाने के विरोध में पर्वतीय महासंघ के आह्वान पर पौड़ी की सभी टैक्सी, मैक्सी एवं टाटा सूूमो यूनियन शुक्रवार को दूसरे दिन भी हड़ताल पर रहीं। हड़ताल के कारण यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी।
महिंद्रा एंड महिंद्रा, पौड़ी टैक्सी-मैक्सी, टाटा सूमो, देवलेश्वर टैक्सी यूनियन, देवभूमि ऑल्टो आदि यूनियनों ने वाहनों का संचालन बंद रखा। वाहन चालकों की हड़ताल से मंडल मुख्यालय पौड़ी सहित विभिन्न रूटों पर यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी। यात्री बस स्टैंड पर सुबह से वाहनों का इंतजार करते रहे, लेकिन वाहन नहीं मिले। पौड़ी निवासी शिवानी ने बताया कि उसे पाबौ जाना है, लेकिन काफी देर से खड़े रहने के बाद भी वाहन नहीं मिला। कोटद्वार, ऋषिकेश, हरिद्वार, देहरादून से आने एवं वापस लौटने वाले यात्रियों को भी परेशानी उठानी पड़ी। पर्वतीय महासंघ के संरक्षक कोतवाल सिंह का कहना है कि सरकार से पुराने वाहनों पर स्पीड गवर्नर लगाने में छूट देने और नए वाहनों पर इसे लगाने की मांग की है। मांग पर अमल न होने तक आंदोलन जारी रहेगा।