पौड़ी। जिला स्तरीय बैडमिंटन स्पर्धा का शुभारंभ सीजेएम सुधीर कुमार सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि खेल प्रतिभाएं तभी राष्ट्रीय स्तर पर नाम रोशन कर पाएंगी, जब जिले में खेलों के प्रति पूरी निष्ठा से कार्य किया जाए। रविवार से शुरू हुई बैडमिंटन स्पर्धा पांच सितंबर तक चलेगी।
कंडोलिया इंडोर स्टेडियम में गढ़वाल बैडमिंटन एसोसिएशन एवं जिला क्रीड़ा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को जिला स्तरीय बैडमिंटन स्पर्धा शुरू हुई। सीजेएम सुधीर कुमार सिंह ने बतौर मुख्य अतिथि प्रतियोगिताओं की शुरुआत करवाई। विशिष्ट अतिथि सिविल जज जयेंद्र चौहान व संदीप भंडारी ने खिलाड़ियों को शुुुभकामनाएं दीं। उद्घाटन मैच 13 वर्ष बालक वर्ग में खेला गया। मैच में अक्षत विजेता व पीयूष उप विजेता रहे। दूसरे मैच में आशुतोष ने मिदल गैरोला को परास्त किया। इसके अलावा ईशांत नेगी व शियांस चमोली ने भी अपने-अपने मैच जीते।
15 वर्ष बालक वर्ग में मोहित लिंगवाल, प्रेरित ममगाईं, अनूज नेगी व आयूष रौतेला ने अपने-अपने मैच जीते। बालिका वर्ग में अक्षिता पुरोहित व श्यामभवी रौथाण विजेता रही। प्रतियोगिता आयोजन में संजय जुयाल, गणेश, विनोद कुमार, बुद्धि बल्लभ पंत, महेंद्र आदि सहयोग दे रहे हैं।