आबकारी विभाग ने कीर्तिनगर तहसील के सिल्काखाल बाजार से एक कमरे से अंग्रेजी शराब की 38 पेटियां बरामद की हैं, लेकिन आबकारी विभाग की ओर से दबिश लगने की सूचना मिलने पर आरोपी अवैध शराब छोड़कर भाग गया। जिसको विभाग ने अगले दिन उसके गांव मेें हिरासत में लेकर कोर्ट में पेश किया। हालांकि उसे जमानत पर छोड़ दिया गया।
आबकारी निरीक्षक कीर्तिनगर दर्शन सिंह चौहान को सूचना मिली की कांडी गांव निवासी सतवीर सिंह ने सिल्काखाल बाजार में किराये में एक कमरा लिया हुआ है। कमरे में उसने अवैध रुप से शराब का जखीरा रखा हुआ है। जिस पर चौहान और आबकारी सिपाही सूरज सिंह ने मकान में छापा मारा। कमरे से अलग-अलग ब्रांड की शराब की 38 पेटियां मिली, लेकिन छापे की भनक मिलते ही आरोपी फरार हो गया। चौहान ने बताया कि अगले दिन आरोपी अपने गांव कांडी में पकड़ा गया। अवैध शराब मिलने पर सतवीर के खिलाफ आबकारी अधिनियम में केस दर्ज कर लिया गया। पूछताछ में सतवीर ने बताया कि वह शराब की पेटियां दूसरे जिलों से लाया है।