पौड़ी। बीस सूत्रीय कार्यक्रमों में विशेष योगदान के लिए ब्लाक कल्जीखाल के महिला मंगल दल आसुई और युवक मंगल दल सूला ने यूथ अवार्ड अपने नाम किया। क्षेत्रीय विधायक मुकेश कोली और जिलाधिकारी गढ़वाल ने संयुक्त रूप से विजेताओं को पुरस्कृत किया। यूथ अवार्ड में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले सभी ब्लाकों को भी पुरस्कार दिए गए।
जिला मुख्यालय में बृहस्पतिवार को आयोजित युवा महोत्सव में महिला मंगल दल विवेकानंद यूथ अवार्ड दिए गए। जिलाधिकारी सुशील कुमार ने गांव-गांव से आई महिलाओं से अपील की कि वे सामाजिक विकास में अपना योगदान दें। उन्होंने कहा कि पौड़ी जिला पलायन की समस्या से जूझ रहा है, मातृशक्ति ही पलायन रोक सकती है। गढ़वाल में कृषि, उद्यानिकी और लघु उद्यमों को बढ़ावा देने में महिलाएं महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।
जिला युवक समिति के अध्यक्ष त्रिभुवन उनियाल ने कहा कि उत्तराखंड राज्य स्थापना का उद्देश्य अभी पूरी नहीं हो पाया है। उन्होंने शासन व प्रशासन से फर्जी आंदोलनकारियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की। समारोह में नगर पालिका अध्यक्ष यशपाल बेनाम, मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी, जिला विकास अधिकारी, जिला युवा कल्याण अधिकारी सत्यपाल सिंह नेगी समेत कई अधिकारी, जनप्रतिनिधि, जिले के युवक मंगलदल और महिला मंगल दल के सदस्य उपस्थित थे। संचालन गणेश खुगशाल गणी ने किया।