पौड़ी। बिडोलस्यूं पट्टी के ग्राम प्रधानों और ग्रामीणों ने फुरखंडाखाल से शुक्र गांव तक बने हल्का वाहन मोटर मार्ग के चौड़ीकरण और डामरीकरण की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि जिला मुख्यालय से महज 20 किलोमीटर की दूरी पर स्थित गांव में आज तक भारी मोटर वाहनों के लिए सड़क नहीं बन पाई है। इस बारे में क्षेत्र के एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को जिलाधिकारी सुशील कुमार को ज्ञापन सौंपा है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस हल्का वाहन मार्ग का निर्माण 1995-96 में हुआ था। तब से इस मार्ग का सुधारीकरण नहीं हुआ। वाहन चालक भी इस मार्ग पर जाने से इनकार करते हैं। इस बारे में कई बार जिलाधिकारी से लेकर मुख्यमंत्री तक ज्ञापन दिए गए। इसके बावजूद सड़क चौड़ीकरण को लेकर कोई कार्रवाई नहीं हुई है। जिलाधिकारी ने इस संबंध में सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया है।