पौड़ी। एसएसपी जेआर जोशी ने अपराधियों पर शिकंजा कसने के साथ ही पुलिस अधिकारियों को सत्यापन में तेजी लाने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि अपराधियों पर पैनी नजर रखने के साथ ही थानों में दर्ज मामलों का भी शीघ्र निस्तारण करें।
जिले की अपराध समीक्षा बैठक पुलिस लाइन में हुई। बैठक में एसएसपी ने कहा कि वांछित अपराधियों के विरुद्ध सक्रिय अभियान चलाकर उनको सलाखों के पीछे पहुंचाएं। युवाओं में बढ़ती नशे की लत को लेकर निर्देश दिए गए कि पुलिस पहरा सख्त करे और नशीले पदार्थों का सेवन करने वालों को तत्काल गिरफ्तार करें। थाना श्रीनगर, पौड़ी व कोटद्वार के थानाध्यक्षों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। बैठक में सीओ कोटद्वार जोधराम जोशी, कोतवाली पौड़ी के प्रभारी थानाध्यक्ष प्रमोद उनियाल, श्रीनगर कोतवाल एनएस बिष्ट आदि मौजूद रहे।