पौड़ी। जन चेतना मंच ने राजकीय जिला अस्पताल में विशेषज्ञ डाक्टरों को तैनात करने की मांग की है। इस बारे में मंच ने मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत को ज्ञापन भी दिया है।
ज्ञापन में मंच के संयोजक दलवीर सिंह नेगी ने बताया कि गढ़वाल मंडल मुख्यालय पौड़ी के जिला अस्पताल में विशेषज्ञों डॉक्टरों की कमी बनी हुई है। जिला अस्पताल में स्थानीय और दुर्गम ग्रामीण क्षेत्रों के लोग भी उपचार के लिए पहुंचते हैं। विशेषज्ञ डाक्टरों की कमी के चलते मरीजों और तीमारदारों को परेेशानी का सामना करना पड़ता है। बताया कि विशेषज्ञ डाक्टरों की कमी के कारण जिला अस्पताल रेफर सेंटर बनकर रह गया है। अस्पताल में आज भी फिजिशियन व कॉर्डियोलॉजिस्ट नहीं है। इसी तरह, जनरल सर्जन और आपातकालीन चिकित्साधिकारियों की भी कमी है। इनमें से किसी एक डाक्टर के छुट्टी पर चले जाने से अस्पताल की सारी व्यवस्थाएं चरमरा जाती हैं। मंच ने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही जिला अस्पताल में विशेषज्ञ डाक्टरों की तैनाती नहीं हुई, तो सरकार के खिलाफ उग्र आंदोलन किया जाएगा। वहीं, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रमेश राणा ने बताया कि डॉक्टरों की कमी के बारे में महानिदेशालय को भी अवगत कराया जा चुका है।