पौड़ी। जनपद पौड़ी के सात निकायों में शनिवार को मताें की गणना होगी। मतगणना के लिए निर्वाचन विभाग ने 304 कार्मिक तैनात किए हैं। इनमें से 76 पर्यवेक्षक व 228 मतगणना सहायक शामिल हैं। जबकि 108 कार्मिक रिजर्व रखे गए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी पौड़ी डाॅ. आशीष बताया कि मतगणना के लिए कार्मिकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे दिए हैं। कहा, मतगणना को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।जनपद पौड़ी में नगर निगम कोटद्वार, श्रीनगर, नगर पालिका पौड़ी, दुगड्डा और नगर पंचायत थलीसैंण, स्वर्गाश्रम जौंक व सतपुली शामिल हैं। इन निकाय क्षेत्रों में मतदान संपन्न हो चुका है। सभी निकायों में मतगणना की तैयारियों को अंतिम रुप दे दिया गया है। यहां सुरक्षा व्यवस्था भी चौकस कर ली गई है।
जिला निर्वाचन अधिकारी व डीएम पौड़ी डा. आशीष चौहान ने मतगणना कार्मिकों की तैनात करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दे दिए हैं। निकाय चुनाव कार्मिक प्रभारी व डीडीओ पौड़ी मनविंदर कौर ने बताया कि निकाय चुनाव में 304 मतगणना कार्मिक की तैनाती की गई है। जिनमें 76 पर्यवेक्षक व 228 मतगणना सहायक शामिल हैं। एक मतगणना टीम में 1-1 पर्यवेक्षक व 3-3 मतगणना सहायक को जिम्मेदारी सौंपी गई है। कौर ने बताया कि जिले में मगणना के लिए 108 कार्मिकों को रिजर्व रखा गया है।
सात निकायों में बनाई गई 56 टेबल
जनपद पौड़ी के सात निकाय क्षेत्रों में 56 टेबल बनाए गए हैं। जिनमें नगर निगम कोटद्वार में 20 टेबल, नगर निगम श्रीनगर व नगर पालिका पौड़ी में 11-11, नगर पालिका दुगड्डा, नगर पंचायत सतपुली, स्वर्गाश्रम-जौंक में 4-4 और नगर पंचायत थलीसैंण में 2 मतगणना टेबल बनाई गई हैं।