पौड़ी। गढ़वाल मंडल आयुक्त ने शिक्षा की गुणवत्ता पर शिक्षा विभाग के अधिकारियों व डायट प्रशिक्षकों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि शिक्षकों व अभिभावकों के समन्वय से शिक्षा की गुणवत्ता को बढ़ाए जाने का एक्शन प्लान तैयार किया जाए।
मंडलायुक्त कार्यालय सभागार पौड़ी में आयुक्त बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाए जाने के लिए एक्शन प्लान की समीक्षा बैठक ली। इसमें मंडल के समस्त जनपदों के डायट (जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान) से प्रशिक्षकों ने मॉडल प्रस्तुत किए। शिक्षा विभाग के अधिकारियों, अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के प्रशिक्षकों ने आयुक्त के सामने सुझाव रखे। आयुक्त ने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता को बढ़ाए जाने में शिक्षक को शिक्षा में आ रहे नित नए बदलावों, शिक्षा नीति, पाठ्यक्रम को लेकर समय-समय पर प्रशिक्षण प्रदान किया जाना चाहिए। डायट प्रशिक्षकों ने प्रधानाचार्यों से शिक्षकों के कार्यों की गुणवत्ता की समीक्षा विद्यालय स्तर पर कराए जाने, एसएमसी व पीटीए को प्रोत्साहित किए जाने, विशेषज्ञ शिक्षकों का संकुल, ब्लाक व जिला स्तर पर समूह बनाने, शिक्षकों को संकुल, ब्लाक व जिला स्तर पर भी सम्मानित किए जाने के सुझाव रखे। इस अवसर पर अपर निदेशक माध्यमिक महावीर सिंह बिष्ट, अपर निदेशक बेसिक एसपी खाली, सहायक निदेशक संस्कृत शिक्षा डा. बाजश्रवा आर्य, अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के जगमोहन कठैत, प्रधानाचार्य विमल चंद्र बहुगुणा, रानी बिष्ट व एसके भारद्वाज आदि मौजूद थे।