पौड़ी। जिला मुख्यालय पौड़ी में लैंसडौन के होटल व्यवसायियों ने जिलाधिकारी से समस्याओं के समाधान की गुहार लगाई। उन्होंने कहा कि लैंसडौन क्षेत्र पर्यटन की अपार संभावनाओं से भरा हुुआ है, लेकिन क्षेत्र में बिजली, पानी, कूड़ा निस्तारण सहित विभिन्न समस्याएं मुंह बाए खड़ी हैं। उन्होंने समस्याओं का समाधान जल्द किए जाने की मांग की।
जिलाधिकारी कार्यालय सभागार में होटल एसोसिएशन लैंसडौन के पदाधिकारियों ने डीएम धीराज सिंह गर्ब्याल से मुलाकात की। इस मौके पर एसोसिएशन के अध्यक्ष सुनील बख्शी ने बताया कि क्षेत्र में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। व्यवसायियों को पर्यटन से जुड़ी योजनाओं को लेकर कई दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसमें पानी, बिजली, कूड़ा निस्तारण, पार्किंग, संचार और यातायात शामिल हैं। डीएम गर्ब्याल ने क्षेत्र में कूड़ा निस्तारण को लेकर स्वजल को शीघ्र ही ट्रंचिंग ग्राउंड तैयार किए जाने और डोर-टू-डोर कूड़ा एकत्रित किए जाने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि क्षेत्र के टिपिन टॉप के करीब दो किमी पैदल रूट का सौंदर्यीकरण कर घुड़सवारी के लिए विकसित किए जाएगा। स्वजल परियोजना प्रबंधक दीपक रावत ने बताया कि जिले के करीब 565 ग्राम पंचायतों में कूड़ा निस्तारित करने का काम हो रहा है। लैंसडौन क्षेत्र के आठ से नौ और जयहरीखाल क्षेत्र के 20 से 22 स्थानों पर भी कूड़ा निस्तारण को लेकर योजना संचालित है। इस मौके पर जिला पर्यटन अधिकारी अतुल भंडारी, होटल व्यवसायी जितेंद्र सिंह, चेतन वोहरा, अनूप सिंह, राहुल अग्रवाल, अजय सफिजा, अशोक व दिनेश आदि मौजूद थे।