पौड़ी। नगर निकायों के चुनाव की अधिसूचना जारी होते ही जिला प्रशासन की ओर से इसकी तैयारियां तेज कर दी गई हैं। चुुनाव को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए अधिकारियों को आरओ और एआरओ नामित किया गया है।
मंगलवार को डीएम सुशील कुमार ने विकास भवन में आयोजित कार्यशाला में इन्हें आवश्यक निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि बगैर वजह किसी का नामांकन पत्र निरस्त न किया जाए।
कार्यशाला में डीएम ने कहा कि चुनाव को लेकर लाखों बैलेट पेपर छपने हैं। इसमें किसी तरह की गलती न हो। उन्होंने बताया कि चुनाव के लिए नगर निगम कोटद्वार अध्यक्ष पद के लिए एडीएम रामजी शरण शर्मा को आरओ, तहसीलदार कोटद्वार सुनील राज को एआरओ। नगर पालिका पौड़ी में अध्यक्ष पद के लिए एसडीएम सदर एसएस राणा आरओ व तहसीलदार पौड़ी हरिमोहन खंडूड़ी को एआरओ। नगर पालिका दुगड्डा में अध्यक्ष पद के लिए एसडीएम लैंसडौन किशन सिंह नेगी को आरओ व एई सिंचाई एके भट्ट को एआरओ बनाया गया है। नगर पंचायत सतपुली में अध्यक्ष पद के लिए डीएफओ लैंसडौन इंदरेश उपाध्याय को आरओ व बीडीओ द्वारीखाल आतिया परवेज को एआरओ। नगर पंचायत स्वर्गाश्रम जौंक में अध्यक्ष पद के लिए डीडीओ वेद प्रकाश को आरओ व बीडीओ यमकेश्वर अर्पणा बहुगुणा को एआरओ नामित किया गया है। कार्यशाला में सीडीओ दीप्ति सिंह, परियोजना निदेशक एसएस शर्मा, डीडीओ वेद प्रकाश, एपीडी सुनील कुमार, डीपीआरओ एमएम खान व डीईओ हरेराम यादव आदि मौजूद रहे।