पौड़ी। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की परीक्षाएं पांच मार्च से होनी हैं, लेकिन हिल्स इंटरनेशनल स्कूल ने इंटरमीडिएट के 26 व हाईस्कूल के 14 छात्र-छात्राओं के प्रवेश पत्र शनिवार को भी आवंटित नहीं किए। इससे गुस्साए छात्रों ने कलक्ट्रेट में स्कूल प्रबंधन व प्रधानाचार्य के खिलाफ नारेबाजी की।
देवप्रयाग रोड पर नए बस अड्डे के समीप हिल्स इंटरनेशनल स्कूल के छात्रों को प्रवेश पत्र शनिवार को भी नहीं दिए गए। छात्र सुबह स्कूल पहुंचे, लेकिन वहां ताले लटके मिले। छात्रों ने काफी देर तक यहां प्रिंसिपल का इंतजार भी किया। बताया गया कि प्रिंसिपल देहरादून हैं। ऐसे में गुस्साए छात्र एनएसयूआई के प्रदेेश सचिव मोहित सिंह व जिलाध्यक्ष गौरव सागर के नेतृत्व में कलक्ट्रेट पहुंचे। यहां छात्रों ने प्रधानाचार्य के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। डीएम व एडीएम के प्रवास पर होने से छात्रों ने कलेक्ट्रेट में ज्ञापन दिया। ज्ञापन में बताया कि उन्होंने सालभर पूरी फीस जमा की है। बावजूद इसके, उन पर 850 रुपये का जुर्माना लगाया जा रहा है। बताया कि प्रिसिंपल गलत तरीके से अतिरिक्त शुल्क थोप रहे हैं। प्रदर्शन में मनीष, सोनाली, हिमांशु रावत, दिव्यांश, मयंक, अंकित, अभिषेक आदि शामिल रहे।
इनसेट
प्रवेश पत्र रोके जाने की शिकायत पर मुख्य शिक्षा अधिकारी मदन सिंह रावत भी सुबह हिल्स इंटरनेशनल स्कूल पहुंचे। स्कूल बंद था इससे उन्हें वापस लौटना पड़ा। सीईओ मदन सिंह रावत को 28 फरवरी को एडीएम रामजी शरण शर्मा ने जांच के निर्देश दिए, लेकिन सीईओ ने इस मामले को कतई भी गंभीरता से नहीं लिया। सीईओ मदन सिंह रावत ने कहा कि अब छात्रों को बगैर प्रवेश पत्र के परीक्षा में शामिल किया जाएगा और स्कूल के खिलाफ कार्रवाई होगी। इधर प्रधानाचार्य डा. आरसीएस रावत से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनका मोबाइल स्विच ऑफ चल रहा है।