पौड़ी। क्षेत्र पंचायत कोट की बैठक में देवप्रयाग क्षेत्र में विद्युत विभाग की उदासीनता पर नाराजगी व्यक्त की गई। सदस्यों ने आरोप लगाया कि विभाग लाइन को दुरुस्त करने की दिशा में लापरवाही बरत रहा है। बैठक में क्षेत्र पंचायत निधि, राज्य वित्त, सोलर लाइट एवं स्वच्छता की कार्ययोजना को अनुमोदित किया गया।
ब्लॉक प्रमुख सुनील लिंगवाल की अध्यक्षता में हुई बीडीसी बैठक में सदस्यों ने कई मुद्दों पर शोर-शराबा किया। ज्येष्ठ प्रमुख फते सिंह ने शिक्षा विभाग को सवालों के घेरे में लिया। उन्होंने कहा कि राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुलासू के भवन निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृत होने के बाद भी निर्माण शुरू नहीं हुआ है क्योंकि विभाग ने अभी तक कार्यदायी संस्था को धनराशि आवंटित नहीं की है। इसमें पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य व सड़क के कई मामले सदस्यों ने रखे। सदस्यों ने कहा कि बीडीसी में उठे सवालों का समय पर निस्तारण नहीं हो रहा है। बैठक में विभिन्न योजनाओं के प्रस्ताव पारित कर अनुमोदन के लिए प्रशासन को भेजे गए। ब्लॉक प्रमुख सुनील लिंगवाल ने क्षेत्र की समस्याओं के निराकरण की दिशा में ग्रामीण जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे गांव की समस्याओं के निराकरण लेकर गंभीरता से कार्य करें।
बैठक में बीडीओ सुरेंद्र नौटियाल, एबीडीओ राकेश बडर्थ्वाल, कनिष्ठ प्रमुुख संपति देवी चौहान, गीता देवी, गजपाल सिंह, जयचंद सिंह आदि मौजूद रहे।