पाबौ। इंफेनट जीसस स्कूल पाली में आयोजित समारोह में नन्हें मुन्ने बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। समारोह में ग्रामीण महिलाओं ने भी सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुति दी।
करुणा समाज सेवा संस्थान कोटद्वार द्वारा संचालित पाबौ के पाली स्थित इंफेनट जीसस स्कूल में सांस्कृतिक समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में पाबौ के 15 गांवों की महिलाओं और नन्हें मुन्ने छात्र-छात्राओं ने गढ़वाली और देशभक्ति के गीत, नृत्य व प्ले प्रस्तुत किए। बच्चों ने बेहतरीन नृत्य की प्रस्तुति से दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी। मुख्य अतिथि खंड विकास अधिकारी एसपी थपलियाल ने कहा कि बच्चे अपना भविष्य बेहतर बनाने के लिए लक्ष्य निर्धारित करें। इस अवसर पर करुणा समाज सेवा संस्थान द्वारा संचालित कंप्यूटर प्रशिक्षण और इंग्लिश स्पीकिंग कोचिंग सेंटर का उद्घाटन भी किया गया। संस्थान द्वारा सिलाई प्रशिक्षण प्राप्त महिला समूहों व किशोरी समूहों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। कार्यक्रम में पाली, चोपड़ा, ढीकवाली, पाबौ, कोटली के ग्रामीण भी मौजूद रहे। इस अवसर पर सहायक खंड शिक्षा अधिकारी मिराज खान, करुणा के निदेशक फादर पायस, स्कूल के प्रबंधक फादर जैक्सन, फादर जैभी आदि मौजूद रहे।